
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम की हमारी परम्परा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत की कल्पना को साकार करने के लिये हमारी कला एवं संस्कृति का क्षेत्र भी आगे आ रहा है।
मंगलवार रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला क्षेत्र फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित अन्तराष्ट्रीय संगीत एवं नृत्य महोत्सव अमृतं गमय का शुभारम्भ किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में नया भारत, गोरवशाली, वैभवशाली भारत, विश्व को नेतृत्व देने वाला भारत होगा। तीन साल बाद उत्तराखण्ड अपनी स्थापना की रजत जयन्ती मनाएगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन में केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से पूरे देश में 60 हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश भर में आयोजित हमारी समृद्ध कला व संस्कृति के ऐसे कार्यक्रम राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि, वीरभूमि के साथ ही सैन्य भूमि भी है। देश की सुरक्षा में राज्यवासियों का बड़ा योगदान है। देश की आजादी के बाद पहली बार देश में इतने बड़े स्तर पर तिरंगा अभियान संचालित हो रहा है। प्रदेश के 20 लाख घरों में हर घर तिरंगा फहराने का लक्ष्य है। इसमें सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
इस मौके केन्द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूर्ण होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारा युवा आजादी के इस अमृत काल में विभिन्न क्षेत्रों में देश की समृद्धि में अपना योगदान दे रहा है। देश में युवा शक्ति की मजबूती के साथ आत्म निर्भर भारत का संकल्प भी पूरा हो रहा है। भारत 2047 तक विश्व गुरु बने, यह 130 करोड़ देश वासियों का एजेंडा है। देश की कला एवं संस्कृति के विविध स्वरूपों को देश व दुनिया के समक्ष लाने का प्रयास है। अमृतं गमय जैसे वेश्विक आयोजन भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से युवाओं को परिचित कराने में मददगार होंगे।
उन्होंने कहा कि देश में नई शिक्षा नीति खेलो इंडिया कोशल विकास के माध्यम से युवाओं को शसक्त बनाया जा रहा है। बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं के माध्यम से महिला शक्तिकरण पर विशेष ध्यान देकर देश के विकास में उन्हें भागीदार बनाया जा रहा है। महिलाएं देश के आर्थिक विकास मे सहयोगी ही नही देश की बालिकाये, विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिये मेडल जीत रही है। महिलाओं के सम्मान की भी हमारी परम्परा है। उन्होंने सभी से हर घर तिरंगा अभियान में सहयोगी बनने की अपेक्षा की है।
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में वेल्हम गर्ल्स स्कूल में आयोजित इस सांस्कृतिक महोत्सव में उत्तराखण्ड के लोक संगीत, वेस्ट बंगाल, कश्मीरी संगीत के साथ वायलन वादन, कत्थक, भारत नाट्यम के साथ स्पेन व इजिप्ट जैसे देशों की संस्कृति की भी झलक प्रस्तुत की गई।
इस मौके पर केन्द्रीय संस्कृति संयुक्त सचिव उमा रतूड़ी, सचिव मुख्यमंत्री आर मीनाक्षी सुन्दरम, हरिचन्द्र सेमवाल, कला क्षेत्र फाउन्डेश्ज्ञन की रेवती रामचन्दन सहित कला एवं संस्कृति से जुड़े कलाकार एवं संस्कृति कर्मी उपस्थित थे।
0 Comments