भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनता तक पहुंचेः शिवप्रकाश

भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनता तक पहुंचेः शिवप्रकाश


देवास, 13 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। हम सभी को गर्व है कि हम भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। हमें भाजपा सरकारों की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना है, इसके लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनता तक पहुंचे और उन्हें भाजपा सरकारों द्वारा किए गए कार्यों को बताएं।

भाजपा नेता शिवप्रकाश बुधवार को देवास में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का शुभारंभ बागली विधानसभा क्षेत्र के पुंजापुरा के फ्लेम ऑफ फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में भाजपा के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने देवास जिले के उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में रहना एवं पार्टी के लिए कार्य करना गर्व की बात है। भाजपा सरकारों ने आज देश-प्रदेश की स्थिति को कहां से कहां पहुंचा दिया है। हमारी सरकारों द्वारा किए गए कार्यों को आम जनता तक पहुंचाना है, इसके लिए सभी कार्यकर्ता मैदान में उतर जाएं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि मतदान केंद्र इकाई पर अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही तकनीकी परेशानियों को दूर कर जिले में शेष रह गए बूथों का डिजिटलाइजेशन शीघ्र किया जाना सुनिश्चित करें। भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत है, लेकिन हमें हमारे बूथों को और ज्यादा मजबूत करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी बूथों तक जाएं और इन्हें और ज्यादा मजबूती दें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और हमारा कार्यकर्ता ही हमारी पूंजी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Post a Comment

0 Comments