‘यूसीमैस ग्रेजुएट’ का खिताब CMS छात्र को

‘यूसीमैस ग्रेजुएट’ का खिताब CMS छात्र को

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस के मेधावी छात्र अभिजीत परवानी ने एबेकस एवं मेन्टल अर्थमेटिक प्रतियोगिता के आठवें राउण्ड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर ‘यूसीमैस ग्रेजुएट-2021’ का खिताब अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता शैक्षिक प्रोग्राम यू.सी.एम.ए.एस. (यूनिवर्सल कान्सेप्ट ऑफ मेन्टल अर्थमेटिक सिस्टम) के अन्तर्गत आयोजित हुई, जिसमें अभिजीत ने 100 में से 96 अंक अर्जित कर अपने मेधात्व व गणितीय प्रतिभा का परचम लहरा कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। इससे पहले, सी.एम.एस. का यह मेधावी छात्र इसी प्रतियोगिता की राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप भी जीत चुका है। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने दी है। शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सी.एम.एस. के इस मेधावी छात्र ने एबाकस के माध्यम से विभिन्न ट्रिक्स अपनाकर गणित के सवालों के जवाब निकाले एवं कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, साथ ही राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने के संकेत दिये है। आयोजकों ने अभिजीत की बहुमुखी प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की है।


शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की रचनात्मक व सृजनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सी.एम.एस. अपने छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें जीवन में आगे ही आगे बढ़ने हेतु सदैव प्रोत्साहित करता रहता है। सी.एम.एस. की इसी अनूठी शिक्षा पद्धति के फलस्वरूप विद्यालय के छात्र राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी पुरस्कार अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं।

(हरि ओम शर्मा)
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ

Post a Comment

0 Comments