तानों से आजिज होकर युवक ने की थी माँ के प्रेमी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव में युवक की हत्या अवैध संबंध के चलते हुई थी। पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार किया तो उसने यह बात कबूल की। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चापड़ खेत से बरामद करवाया। आरोपित का कहना है कि मृतक और मां के बीच अवैध संबंध के कारण गांव में ताने सुनने पड़ रहे थे।

मोहनपुरवा गांव में बुधवार रात को सुरेश कुशवाहा उर्फ पुत्तन की चापड़ से गर्दन काट कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई रमेश ने गांव की महिला, उसके पति और दोनों बेटों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सर्विलांस टीम की जांच में मृतक के घर पर एक आरोपित महिला के बेटे राजेश के मोबाइल की लोकेशन मिली थी। शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि राजेश बैराज हाईवे के कोठारी चौराहे पर है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। राजेश ने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने उसे जेल भेजा है।

हत्या करने के बाद बदल लिया था हुलिया
राजेश ने पुलिस को बताया कि हत्या करने के बाद वह चप्पल छोड़ कर भागा था। पहले उसके बाल आगे से रंगीन थे। कोई पहचान न सके इसलिए बाल कटवाए। हत्या के बाद घर में बताया था कि जिसे बचना हो भाग जाओए मैंने घर की बदनामी की जड़ को समाप्त कर दिया है।

घर के कलंक को धो दिया  
राजेश ने बताया कि गांव में उसे मां और मृतक के अवैध संबंधों को लेकर ताना मिल रहा था। दोपहर को बातचीत में मृतक सुरेश से चिकन बनाने को कहा। सुरेश ने शराब पी रखी थी। उसी समय वह कमरे के बाहर मीट धोने लगा। मौका देखकर कमरे में रखे चापड़ से उसकी गर्दन पर पीछे से कई वार किए। इसके बाद उसके हाथ में चाकू पकड़ा दिया। मौत होने के बाद चापड़ को पीछे खेत में फेंक दिया। उसका कहना है कि हत्या करने का कोई गम नहीं है। घर के कलंक को धो दिया।

बेटे की गिरफ्तारी के बाद मां भी थाने पहुंच गई। उसे भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। सुनीता बोली कि बेटे ने गलत किया। पता होता तो हत्या न होने देती। 

Post a Comment

0 Comments