
- कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के भाईचारा बचाओ सम्मेलन में मोदी-योगी सरकार पर पूर्व सांसद ने साधा निशाना
मुरादाबाद, 15 मई (हि.स.)। कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के तत्वावधान में रविवार को भाईचारा बचाओ सम्मेलन रविवार को जिगर काॅलोनी स्थित मौसम पैलेस में सम्पन्न हुआ। इसमें कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी पोलित ब्यूरो की सदस्य एवं पूर्व सांसद सुभाषनी अली ने कहा कि केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार भाईचारा खत्म करने का काम कर रही है। आर्थिक रूप से देश को खोखला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम यूपी में भाईचारा सम्मेलन कर लोगों को सरकार की मंशा के प्रति आगाह करने निकले हैं।
पूर्व सांसद सुभाषनी अली ने कहा कि केंद्र सरकार देश को कंगाल करने में तुली है। एलआईसी के शेयर बेचे जा रहे हैं। सरकारी सेवाएं प्राइवेट हाथों में जा रही है। मंहगाई बढ़ रही है। बेरोजगारों के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा। लोगों को कभी मथुरा कभी काशी घुमाया जा रहा है। यूपी में गरीबों पर बुल्डोजर चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश में दो तरह का नुकसान हो रहा है। पहला आर्थिक रूप से कमजोरी और दूसरी सामाजिक तानाबाना ध्वस्त हो रहा है। इसी वजह से हम यूपी में इस तरह का भाईचारा सम्मेलन कर लोगों को जगाएंगे और एक साथ जोड़ेंगे। भाजपा वर्ण व्यवस्था लागू करने में लगी है। हम ऐसा होने नहीं देंगे।
इस दौरान डीपी सिंह ने भी सरकार का किसान आंदोलन में पीछे हटने को उनकी हार बताई। सम्मेलन में अतीक अहमद, जैनब जहां, सुभाष सिंह एसपी सिंह, मौहम्मद गाजी, मनोज कुमारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित
0 Comments