दिल्ली में देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, हिन्दुस्थान समाचार के आशुतोष पाण्डेय 'युवा पत्रकार नारद सम्मान' से सम्मानित

दिल्ली में देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, हिन्दुस्थान समाचार के आशुतोष पाण्डेय 'युवा पत्रकार नारद सम्मान' से सम्मानित


दिल्ली में देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, हिन्दुस्थान समाचार के आशुतोष पाण्डेय 'युवा पत्रकार नारद सम्मान' से सम्मानित


दिल्ली में देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, हिन्दुस्थान समाचार के आशुतोष पाण्डेय 'युवा पत्रकार नारद सम्मान' से सम्मानित


- आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री बालियान ने पत्रकारों को किया नारद सम्मान से सम्मानित

- विभिन्न श्रेणियों में 12 पत्रकारों को पत्रकारिता जगत में उनके योगदान के लिए किया गया सम्मानित

- पूर्व संपादक, स्तंभकार, लेखक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बलबीर पुंज को आजीवन सेवा देवऋषि नारद सम्मान से किया गया सम्मानित

नई दिल्ली, 18 मई (हि.स.)। इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र दिल्ली के तत्वावधान में बुधवार को देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान-2022 समारोह का आयोजन किया गया। देवऋषि नारद जी की जयंती पर पत्रकारिता जगत की महत्ता एवं पत्रकारों की तपस्या एवं बलिदान को सम्मान देने के लिए कांस्टीट्यूशन क्लब के स्पीकर हॉल आयोजित इस सम्मान समारोह में विभिन्न श्रेणियों में 12 पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

पत्रकारों में आशुतोष कुमार पाण्डेय (हिन्दुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी) को युवा पत्रकार नारद सम्मान, निशांत कुमार आजाद, ऑर्गनाइजर को स्त्री सरोकार/महिला संवेदना पत्रकार नारद सम्मान, उमाशंकर मिश्र (इंडिया साइंस वायर) को ग्रामीण पत्रकारिता नारद सम्मान, सुरेश कुमार जायसवाल ( दूरदर्शन न्यूज) को न्यूज रूम सहयोग नारद सम्मान, नूपुर जे. शर्मा (ऑप इंडिया) को डिजिटल पत्रकार नारद सम्मान, प्रियंका देव (न्यूज जंक्शन) को सोशल मीडिया पत्रकार नारद सम्मान, मिहिर सिंह (पंजाब केसरी) को उत्कृष्ट छायाचित्रकार (प्रिंट) नारद सम्मान, विद्यानाथ झा (न्यूज नेशन) को उत्कृष्ट छायाचित्रकार (टीवी) नारद सम्मान, उमेश चतुर्वेदी को उत्कृष्ट स्तंभकार नारद सम्मान, पीएम नारायणन को विदेशी पत्रकारिता नारद सम्मान (भारत संबंधित पत्रकारिता) से सम्मानित किया गया। इन सभी को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल तथा 11,000 रुपये की चेक राशि देकर सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकार दीपक उपाध्याय को उत्कृष्ट पत्रकार नारद सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल तथा 51 हजार रुपये की चेक राशि देकर सम्मानित किया गया।

इसी तरह पूर्व संपादक, पत्रकार, स्तंभकार एवं लेखक बलबीर पुंज को आजीवन सेवा नारद सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल तथा एक लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि हमारे जितने भी प्रोफेशन हैं, वह जब से शुरू हुए उसमें स्किल और नॉलेज पर तो जोर दिया ही गया, साथ ही उसका एक चरित्र भी दिया गया। हम जिस व्यक्ति को जिस प्रोफेशन की जो शिक्षा दे रहे हैं उसमें उसको ग्रहण करने की क्षमता होनी चाहिए। जिसे जो शक्ति दे रहे हैं उसमें उपयोग करने की क्षमता होनी चाहिए। वह शक्ति का दुरुपयोग न करे और समाज के हित में उपयोग करे। नारद जी पत्रकारिता के इसी शक्ति का प्रतीक हैं। जहां शक्ति का उपयोग समाज के हित में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सत्य को लेकर जाना और सत्य के साथ कोई समझौता नहीं करना। किस सत्य को लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं, यह बहुत महत्वपूर्ण है कि उसमें लोक हित सर्वोपरि होना चाहिए। एक रिस्पांसिबल जर्नलिज्म की बहुत जरूरत है। नारद जी समाचार पहुंचाने के साथ-साथ समाधान भी बताते और उसका मार्ग भी दिखाते थे।

मीडिया में सकारात्मकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए आंबेकर ने कहा कि वातावरण में बदलाव आया है। आज भारत के लोग आकांक्षी बनकर आगे बढ़ना चाहते हैं। जो अनुकूल बात करता है वह लोगों को अच्छी लगती है प्रतिकूल बातें अच्छी नहीं लगती है। मीडिया में भी लोग सकारात्मकता से आगे बढ़ रहे हैं। मीडिया में जिम्मेदारी की आवश्यकता है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने समाचार पत्रों को लोक जागरण का माध्यम बनाया। वे स्वतंत्रता सेनानी हमारी पत्रकारिता के आदर्श हैं।

मीडिया में बदलती तकनीक पर उन्होंने कहा कि हमें नई तकनीक से डरने की जरूरत नहीं है। टेक्नोलॉजी के झटके पहले भी लगते रहे हैं और आगे भी लगता रहेंगे।

मुख्य अतिथि केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन राज्यमंत्री डॉ. संजीव कुमार बालियान ने कहा कि पत्रकारिता इतनी महत्वपूर्ण है कि वह हर जनमानस को प्रभावित करती है। वह सकारात्मक दिशा में होनी चाहिए न कि नकारात्मक दिशा में। उन्होंने कहा कि हमें सभी विचारों का सम्मान करना चाहिए है। हर व्यक्ति अपनी विचारधारा पर काम करने के लिए स्वतंत्र है। कोई भी विचारधारा हो, पत्रकारिता में निष्पक्ष होना बहुत जरूरी है। आपको किसी के पक्ष या विपक्ष में होने की जरूरत नहीं है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नेटवर्क 18 के प्रबंध संपादक आनंद नरसिम्हन ने कहा कि देवऋषि नारद जी की भूमिका जो हम लोगों के मन में बनी है उनकी भूमिका उससे बहुत बड़ी है। उन्होंने कहा कि हममें से कितनों ने नारद संहिता पढ़ी है और कितनों ने अपने ग्रंथों को पढ़ा है, चाहे वह किसी भी भाषा में हो। हमने हमारी सभ्यता, हमारी संस्कृति के बारे में क्या लिखा, क्या कहा, आज बोलचाल में आ रहा है कि हमारा इतिहास क्या है, हमारा इतिहास आक्रांताओं का इतिहास है या भारत का इतिहास हमारा इतिहास है। आज समय बदल रहा है। आज मीडिया में खुलकर के लोग भारत की बात कहने लगे हैं, जो कि पहले संभव नहीं था।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र प्रचार प्रमुख अनिल कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रान्त कार्यवाह भारत कुमार, दूरदर्शन के महानिदेशक मयंक अग्रवाल, एडीजी प्रिया कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया कर्मी, संपादक, वरिष्ठ पत्रकार भी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/अनूप

Post a Comment

0 Comments