भारत ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रहा है : सुधांशु त्रिवेदी

भारत ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रहा है : सुधांशु त्रिवेदी


भारत ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रहा है : सुधांशु त्रिवेदी


देहरादून, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने रविवार को कहा कि वर्तमान समय में भारत ऐतिहासिक परिवर्तन के साथ आगे बढ़ रहा है, इसलिए यह समय आलोचना नहीं, राष्ट्र और जनमानस को ध्यान में रखकर कार्य में सहयोग करने का है। सांसद त्रिवेदी ने रविवार को सर्वे चौक स्थित पंडित नैन सिंह रावत सभागार में नारद जयंती के अवसर पर विश्व संवाद केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यह बात कही।

उन्होंने समृद्ध भारतीय संस्कृति की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता को अक्सर हमलोग पश्चिमी जगत और पश्चिमी ज्ञान परंपरा से जोड़ते हैं। भारतीय परंपरा और इतिहास के मूल स्वरूप को नारद जयंती सच्चे मायने में रेखांकित करने का काम करती है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में देश ऐतिहासिक परिवर्तन की ओर से तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत वैश्विक गुरु के अभीष्ट को प्राप्त कर लेगा।

उन्होंने कहा कि जन कल्याण के लिए सत्य एवं तथ्य सामने लाने की क्षमता व मानसिकता रखने वाले आज के पत्रकार देवऋषि नारद का ही रूप हैं, जो हमेशा से समाज हित के लिए संकल्पित हैं।

कार्यक्रम में आरोग्य एजुकेशनल ट्रस्ट रुड़की के अध्यक्ष संदीप केडिया ने कहा कि आज के समय में व्यापार करने को लेकर परिस्थितियां काफी अनुकूल हैं। आज कोई भी व्यक्ति अपने रोजगार को शुरू करने के बारे में विचार कर सकता है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाले राकेश खंडूरी, भूपेंदर कंडारी, अफजल अहमद, परितोष किमोठी, शैलेश नौटियाल, अधीर यादव, भारती सकलानी उनियाल को नारद पत्रकार सम्मान से सम्मानित किया गया।

जागरण पत्रिका हिमालय हुंकार का विमोचन

कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र की जागरण पत्रिका हिमालय हुंकार के विशेषांक स्वाधीनता के 75 वर्ष और मैं का भी विमोचन भी किया गया। विशेषांक के संपादक आलोक डंगवाल ने विशेषांक के बारे में सभी को बताया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश

Post a Comment

0 Comments