मप्रः भाजपा और अन्य दलों के फर्क को समझें कार्यकर्ता : अमित शाह

मप्रः भाजपा और अन्य दलों के फर्क को समझें कार्यकर्ता : अमित शाह


मप्रः भाजपा और अन्य दलों के फर्क को समझें कार्यकर्ता : अमित शाह


- केन्द्रीय गृह मंत्री ने ली पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों की बैठक

भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की स्थापना किसी विचारधारा के आधार पर नहीं बल्कि एक अंग्रेज अफसर ने एक क्लब के रूप में की थी। दूसरी तरफ भाजपा 50 के दशक से ही एक विचारधारा को लेकर चल रही है। इतने साल बीतने के बाद भी हमारे मूल सिद्धांत, हमारी कार्यपद्धति और संस्कृति वही हैं, जिन्हें डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं ने रेखांकित किया है। हमारी केन्द्र और राज्य सरकारें गरीब कल्याण के विचार को जमीन पर उतारने का काम कर रही हैं और हमारा नेतृत्व बेदाग है, जिस पर हमें गर्व है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा और अन्य दलों के बीच के इस फर्क को समझना जरूरी है।

यह बात केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार शाम को भोपाल प्रवास के दौरान पार्टी कार्यालय में केन्द्रीय मंत्रियों, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारियों एवं प्रदेश शासन के मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

हम आंदोलनों की आंच में तपकर निखरे हैं

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्र होते ही कांग्रेस सत्ता में बैठ गयी थी। इसलिए कांग्रेस का आंदोलनों से नाता नहीं रहा। दूसरी तरफ भाजपा राष्ट्र और राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर किए गए आंदोलनों की आंच से तपकर निखरी है। सबसे पहले गोवा की स्वतंत्रता, फिर को कच्छ को भारत में बनाए रखने के लिए आंदोलन किए। गौहत्या पर प्रतिबंध के लिए आंदोलन किया। 1975 में हम आपातकाल के विरूद्ध आंदोलन में शामिल हुए। इसके बाद रामजन्म भूमि आंदोलन, तिरंगा यात्रा और ऐसे ही अनेक आंदोलन पार्टी ने किए हैं, जो हमारी विचारधारा से प्रेरित और उसी पर आधारित है। लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इन आंदोलनों का उद्देश्य पार्टी का विस्तार नहीं था बल्कि इन मुद्दों के प्रति जनता में चेतना लाना और कार्यकर्ताओं को इनसे जोड़ना ही पार्टी का लक्ष्य रहा है।

शाह ने कहा कि प्रत्येक पार्टी का चरित्र उसकी विचारधारा, कार्यक्रम और नेतृत्व से तय होता है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीब कल्याण हमारी विचारधारा के मूल हैं। हमारे जैसे नेता किसी पार्टी में नहीं है। यह बात हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि हमारे नेतृत्व पर कभी आरोप नहीं लगे और इसलिए हम एक अलग तरह की पार्टी है।

बूथ सशक्तिकरण के लिए विचारपूर्वक काम करें

उन्होंने कहा कि हमारे नेता स्व. कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन की नींव रखी थी। उन्होंने मध्यप्रदेश में पार्टी संगठन द्वारा चलायी जा रही बूथ विस्तारक योजना की तारीफ करते हुए कहा कि स्व. ठाकरे के जन्मशताब्दी वर्ष पर मध्यप्रदेश में पार्टी संगठन ने बूथ सशक्तिकरण का जो काम हाथ में लिया है, वह पूरी तरह सफल रहा है। प्रदेश नेतृत्व ने कार्यक्रमों की जो रूपरेखा बनायी है वह भी बहुत अच्छी है।

केन्द्रीय मंत्री शाह ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण के लिए यह जरूरी है कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ पर विचारपूर्वक काम करें। किस बूथ पर हम अपेक्षाकृत कमजोर स्थिति में है और वहां मजबूती के लिए क्या किया जाना चाहिए, कौन से समीकरण उस बूथ को प्रभावित करते हैं, किस नेता या कार्यकर्ता को वहां भेजा जाना उचित होगा, इन सभी बातों पर विचार करते हुए योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ पर मजबूत बनाने के लिए हमें मजदूरी नहीं बल्कि योजनाबद्ध तरीके से परिश्रम करना है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं से आव्हान किया कि सभी 10-10 बूथों की जिम्मेदारी अपने उपर लें।

हमारी सरकारों के काम बेजोड़, जीत हमारी ही होगी

केन्द्रीय गृह मंत्री ने केन्द्र एवं राज्य सरकारों के काम की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारी केन्द्र और राज्य सरकारें गरीब कल्याण की विचारधारा को जमीन पर उतारने के लिए अभूतपूर्व काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में दो-दो बार हमारी पूर्ण बहुमत की सरकारें बनी हैं और मध्यप्रदेश में हम कई सालों से सत्ता में हैं। हमारी केन्द्र सरकार ने धारा 370, राम जन्मभूमि, तीन तलाक और नागरिकता संशोधन कानून जैसे अधिकांश मुद्दों को हल कर दिया है। जो कुछ बचे हैं उन्हें भी आने वाले सालों में हल कर लिया जायेगा। मध्यप्रदेश में भी हमारी सरकार ने एक बीमारू राज्य को विकसित राज्य बनाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने का काम कर रही है और इसके लिए जरूरी है कि गरीब कल्याण की योजनाओं पर बढ़ते हुए देश के गरीबों को सशक्त बनाया जाए। इसके लिए गुड गवर्नेंस के साथ काम कर रही हमारी सरकारें लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विजय हमारी ही होगी क्योंकि हमारी सरकारों ने जो काम किए हैं वो अन्य सरकारें नहीं कर सकी।

बैठक के शुभारंभ पर पार्टी के पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमित शाह को भगवान विष्णु एवं लक्ष्मी जी की प्रतिमाएं तथा स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशताब्दी वर्ष समारोह का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। बैठक के दौरान प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव एवं सह प्रभारी पंकजा मुंडे मंचासीन रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

Post a Comment

0 Comments