
नारायणपुर। जिला मुख्यालय से करीब 21 किमी दूर ग्राम पंचायत करमरी में बीती रात नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया। नक्सलियों के द्वारा सरपंच के पति को मौत के घाट उतारने के बाद एक जेसीबी को आग के हवाले कर दिया है। एसपी गिरिजा शंकर जायसवाल ने घटना की पुष्टि करते कहा है कि इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता विनय वर्मा ने बताया कि करमरी में पीएमजीएसवाई का निर्माण कार्य नहीं चल रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों के द्वारा गांव में लाल बैनर लगाया गया है। नक्सली घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। शनिवार की सुबह मृतक के परिजनों के द्वारा फरसगांव थाना में एफआईआर दर्ज कराया जा रहा है।
नेलनार एरिया कमेटी के द्वारा बिरजू की निर्मम हत्या करने के बाद गांव में बेनर लगाकर उसे जन विरोधी कहा गया है। नक्सली बेनर में पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर विकास कार्य करने वाले लोगों को मौत की सजा देने की बात कही गई है।
करमरी की सरपंच फूलदाय सलाम के पति बिरजू सलाम गांव के विकास कार्य में लगे रहते थे। नक्सलियों के द्वारा उन्हें विकास कार्य से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी। नक्सली घटना के बाद गांव में मातम छा गया है। मृतक की तीन पुत्री एवं एक पुत्र है।
0 Comments