आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत बि‍हार के 6 मजदूर झुलसे

मुरादाबाद। रविवार दोपहर छजलैट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत छह लोग झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुलसने वाले सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं। वह यहां ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। 

आकाशीय बिजली गिरने की घटना छजलैट थाना क्षेत्र में इस्माईलपुर रोड पर हुई। यहां कांठ के गांव उमरी कला निवासी निजामुद्दीन का ईंट भट्ठा है। इस पर बिहार के भागलपुर जिले के गांव केलगाह निवासी कई मजदूर काम करते हैं। मजदूर अपनी पत्नी-बच्चों के साथ झोपड़ी डालकर यहीं रहते हैं। 

रविवार को भी सभी मजदूर भट्ठे पर काम कर रहे थे। तभी अचानक बारिश होने लगी। इसके कारण मजदूर काम छोड़कर भट्ठे पर ही बनी झोपड़ियों में चले गए। दोपहर करीब 12 बजे अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इससे झोपड़ी के ऊपर लगे टिनशेड भी फट गए। 

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मजदूर 40 वर्षीय धर्मा, उसकी पत्नी 38 वर्षीय सोनिया देवी,  30 वर्षीय अशोक कुमार, 15 वर्षीय झालिया कुमारी पुत्री नरेश कुमार, 32 वर्षीय राजीव और 28 वर्षीय दिवाकर झुलस गए। बिजली गिरते ही ईंट भट्ठे पर मजदूरों में चीखपुकार मच गई। धमाका इतना तेज था कि लोग दहशत में आ गए। 

सूचना पाकर कुछ ही देर में एसओ छजलैट राम प्रताप भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलसे मजदूरों को जिला अस्पताल भेजा। डाक्टरों ने सभी को भर्ती करके उपचार शुरू कर दिया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

Post a Comment

0 Comments