गंगा स्नान के दौरान तीन किशोरियां डूबी, दो को बाहर निकाला, एक लापता

उन्नाव। तीन किशोरियां कानपुर के बिठूर घाट में गंगा स्नान के दौरान गहराई में जाकर डूबी,दो को गोताखोरों ने बचाया,जबकि एक अभी भी लापता है। किशोरी के डूबने व उसका पता न चलने से परिजनों में कोहराम मचा, पुलिस गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश करा रही।

उन्नाव की रहने तीन किशोरियां आज मंगलवार को अमावस्या पर कानपुर के बिठूर घाट में गंगा स्नान के दौरान गहराई में जाकर डूबने लगीं तो गोताखोरों ने दो को बचा लिया पर एक किशोरी तेज बहाव में बह गई। किशोरी के डूबने व उसका पता न चलने से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश करा रही है।

दही थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव के 35 लोग दो ट्रैक्टरों से कानपुर के बिठूर घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे। सुबह सात बजे राम नरेश शर्मा की 16 वर्षीय बेटी प्रियंका, हरिकिशोर कुशवाहा की 14 वर्षीय बेटी नेहा व लालता प्रसाद की 12 वर्षीय बेटी निधि सीढ़ियों पर नहा रहीं थी। पैर फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में जाकर डूबने लगीं। पास में स्नान कर रहे गांव के राममोहन व आशीष ने तीनों किशोरियों को डूबता देख शोर मचाया।

गोताखोरों ने मशक्कत के बाद निधि और नेहा को सकुशल बाहर निकाल लिया पर प्रियंका का पता नहीं चल सका। प्रियंका के डूबने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। बेहोशी हालत में पानी से निकाली गईं निधि और नेहा को पास के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद उन्हें होश आ गया। गोताखोर छह घंटे तक प्रियंका की तलाश करते रहे, लेकिन पता नहीं चल सका।

Post a Comment

0 Comments