मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मीडिया कार्यशाला के समापन सत्र को किया सम्बोधित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मीडिया कार्यशाला के समापन सत्र के अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जनाधार को और बढ़ाने व आम जनता से जुड़ने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मीडिया टीम योग्य व अनुभवी है। क्षेत्रीय व जनपद स्तर पर मीडिया टीम पार्टी व सरकार की उपलब्धियों को लगातार जनता के सम्मुख प्रभावी रूप से रखने का प्रयास करें। हमें आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर अपने उद्देश्यों और कार्यकलापों को मिलकर बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि अपनी बात को कम शब्दों में प्रभावी ढंग से बिना किसी विचलन के, बिना किसी उत्तेजना के सही रूप में सही तरीके से सही जगह पर रखने में मीडिया प्रभारियों सहित विभिन्न पदाधिकारियों की प्रमुख भूमिका है। हमें अपने आप को लगातार अपडेट रखना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी मीडिया पदाधिकारी पार्टी, सरकार व जनप्रतिनिधियों की बातों व उनके उद्देश्यों को प्रभावी रणनीति के साथ आगे बढ़ाएंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने विगत 07 वर्षों में देश के राजनीतिक एजेण्डे की धुरी को बदल दिया है। जो पहले जाति, मजहब, क्षेत्र, भाषा के दायरे में सिमट कर रह गया थी। आज वह गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिला, बुजुर्ग का बिना भेदभाव के समग्र विकास के रूप में हम सबके सामने है। आज शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों को मिल रहा है। प्रत्येक स्तर तक इस प्रकार की चर्चाएं प्रारम्भ की जाएं। भारतीय जनता पार्टी के मूल्यों व सिद्धान्तों के प्रति समर्पण के साथ-साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं व मजबूत होती आधारभूत संरचना व इससे जीवन में आए सकारात्मक सुधारों के प्रति लोगों के मन में स्वीकारोक्ति का भाव स्पष्ट रूप से दिख रहा है। प्रत्येक नागरिक के मन में सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है।  
    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सम्मुख किसी प्रकार का संकट नहीं है। लेकिन हमें अपनी बात को जनता के सम्मुख सक्रिय रूप से रखना होगा। उन्होंने कहा कि हमें सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेटफाॅर्म पर लिखने की आदत भी विकसित करनी होगी। मूल्यों, आदर्शों और विचारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ना होगा और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हम सफल हुए हैं। इस संदर्भ में मीडिया की भूमिका प्रमुख है। स्थानीय स्तर तक सरकार की सूचनाओं को प्रसारित करना होगा। 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एक स्पष्ट विजन के साथ अपनी बातों को लोगों के सम्मुख रखना चाहिए। आज हर तबके का व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ने के लिए तत्पर है, जिसके प्रमाण वर्ष 2014, 2017 व 2019 के चुनाव परिणाम दे रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की प्रामाणिकता को जनता ने खुले मन से स्वीकारा है। हमें इस स्वीकारिता को आमजन के सम्मुख बनाए रखने के लिए एक प्रवक्ता के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। क्षेत्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता बेहतर समन्वय के माध्यम से पार्टी व सरकार की बातों को सक्रियता के साथ विभिन्न मंचों पर रखें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं, जिनके लिए हमें पूर्व तैयारी व स्पष्ट विजन के साथ लोगों को अपने साथ जोड़ना होगा।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि कल प्रधानमंत्री जी जनपद अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह आजादी की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण स्तम्भ थे। वर्ष 1915 में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने अफगानिस्तान में अन्तरिम सरकार का गठन किया और उसके अध्यक्ष बने। ब्रज क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने के लिए राजा महेन्द्र प्रताप सिंह ने विभिन्न कार्य किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित हो रहे डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के अलीगढ़ नोड का शुभारम्भ कल प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से किया जाएगा। डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर से 50,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘मेक इन इण्डिया’ विजन एवं रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार करने में उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम, विभिन्न प्रकल्पों के साथ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 19 सितम्बर को प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियांे को प्रदेश स्तर, जनपद स्तर, विधान सभा स्तर पर जनता तक पहुंचाया जाए। विपक्ष द्वारा अनावश्यक मुद्दों को उठाने का प्रयास किया जाता है। हमें उनके ही आभासी मुद्दों पर उन्हीं का जवाब अपने सही तथ्यों के साथ देना होगा। जिससे उनके झूठ का पर्दाफाश होगा और वह क्षीण मनोबल के साथ बैकफुट पर होंगे।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव के दौरान विभिन्न समन्वय बैठकों के माध्यम से पदाधिकारियों व लोगों में सकारात्मकता के भाव को विकसित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के चुनावी अभियानों के समय लोग मुझसे पूछते थे कि क्या उत्तर प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था व शांतिपूर्ण वातावरण स्थापित हो सकता है। महिलाएं, बहू-बेटियां अपने आपको असुरक्षित महसूस करती थीं। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। लोग अपने आप को पूर्णतया सुरक्षित महसूस करते हैं। अपराधी व माफिया जेलों में बंद हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से साढ़े चार वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढायुक्त सड़कें, सायंकाल से ही अंधेरा व्याप्त हो जाना, कोई सभ्य व्यक्ति रात में सड़कों पर चल नहीं सकता था। पहले नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। लेकिन आज ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि एक जनपद, एक उत्पाद योजना के माध्यम से विभिन्न जनपदों में स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिनमें मेरठ क्षेत्र का खेल का सामान अपनी एक नई पहचान बना रहा है। केन्द्र व प्रदेश सरकार के द्वारा 32,000 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की शुरुआत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार के विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी जनता-जनार्दन से साझा करने की क्रियाएं बढ़ायी जाएं, जिससे सकारात्मकता के माहौल में और वृद्धि होगी। 
    मुख्यमंत्री ने बीते दिवस के जनपद संतकबीरनगर व जनपद कुशीनगर के विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद स्थानीय जन सैलाब पूरे उत्साह से लबरेज था। जनता-जनार्दन सरकार के विकास कार्यों व सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की मंशा का पूरी तरह समर्थन कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता खुलकर जनता के सम्मुख सरकार के कार्यों व उसके योगदान के बारे में संवाद स्थापित करें। 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना वर्ष 2022 तक हर गरीब को निःशुल्क आवास उपलब्ध कराने की योजना है। यह योजना प्रधानमंत्री जी की दूरगामी व संवेदनशील सोच का नतीजा है। मोदी जी के माध्यम से पार्टी इसका लाभ ले सकें, इसकी तैयारी के लिए लोगों को तैयार करना होगा। प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचकर उससे संवाद कायम करना। स्वच्छता अभियान के तहत मात्र डेढ़ वर्ष में 02 करोड़ 61 लाख लोगों को शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छता हमारे स्वस्थ जीवन का आधारभूत घटक है। यह शौचालय नारी गरिमा की सुरक्षा व सम्मान के प्रतीक हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इंसेफेलाइटिस सहित विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बहुत से लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो जाती थी। पिछली सरकारों ने इस सन्दर्भ में कोई ठोस कदम नहीं उठाए। लेकिन आज प्रदेश सरकार के प्रयासों से इन बीमारियों में काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। केन्द्र सरकार के सहयोग से प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र की आधारभूत संरचना को लगातार मजबूत किया है। 
    मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ आबादी के लिए कोविड प्रबन्धन एवं नियंत्रण कार्य में प्रदेश सरकार पूर्णतया सफल रही है। उन्होंने कहा कि इस दौरान एक भी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु दुःखद है। कोरोना की द्वितीय लहर में प्रदेश सरकार ने अपने ऑक्सीजन ऑडिट माॅडल द्वारा बेहतर प्रबन्धन की नजीर पेश की है। केवल मिथ्या आरोपों के साथ जनता को झूठ के मायाजाल में फंसाकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाने वालों से पूछा जाना चाहिए कि देश के आजाद होने से लेकर वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश में केवल 12 राजकीय मेडिकल काॅलेज स्थापित हुए थे। आज हम उत्तर प्रदेश के हर जनपद में एक मेडिकल काॅलेज स्थापित कर रहे हैं। जिनमें से 59 जनपद अब तक मेडिकल काॅलेज से आच्छादित हो चुके हैं। शेष 16 जनपदों के लिए एक पाॅलिसी लेकर आ रहे हैं। हमारा प्रयास है कि अगले नवम्बर, दिसम्बर माह तक हर जनपद के लिए एक मेडिकल काॅलेज सरकार लेकर आएगी, जहां हर जनपद को अपना एक मेडिकल काॅलेज होगा। 
    इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्रदेव सिंह, राष्ट्रीय सहमीडिया प्रमुख श्री संजय मेयुख, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री संबित पात्रा व श्री के0के0 शर्मा, उत्तर प्रदेश के राज्य सभा सांसद श्री जफर इस्लाम, प्रदेश के मीडिया प्रभारी श्री मनोज दीक्षित, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी श्री अभय प्रताप, श्री हिमांशु दुबे, श्री धर्मेन्द्र राय, सुश्री प्रियंका पाण्डेय सहित विभिन्न मीडिया बन्धु उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments