बंगाल की तर्ज पर सपा ने यूपी में गढ़ा, अब खेला होइ का नारा लिखी लगी होर्डिंग

कानपुर। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी यूपी में बंगाल की तरह चुनाव लडने के मूड में है। बंगाल में जिस तरह से पूरी ताकत के साथ ममता बनर्जी उतरीं, ठीक उसी तरह यूपी में सपा अपनी जमीन तैयार करने में जुट गई है। सपा ने कानपुर में बड़ा चौराहा, वीआईपी रोड व कैंट रोड पर सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के बैनर के साथ अब यूपी में खेला होई लिखी होर्डिंग लगवा दी। हालांकि अब होर्डिंग हट चुकी है।

घरों में लगेंगे पोस्टर और बैनर
कानपुर सपा नगर अध्यक्ष डा. इमरान ने बताया कि पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घरों में ऐसे पोस्टर और बैनर लगाएं जाएंगे। अब बंगाल की तरह यूपी में भी खेला होई। लोकतंत्र की हत्या नहीं होने दी जाएगी। वहीं, सपा नगर महासचिव अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पार्टी इस बार पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और सभी को साथ लेकर चुनाव में उतरेगी। सपा के अंदरखाने सूत्रों के मुताबिक इस बार सपा बंगाल की तर्ज पर यूपी में साइकिल दौडने की तैयारी में है। चुनाव में सपा के साथ ममता बनर्जी भी चुनाव प्रचार में आ सकती हैं।

क्यों उतारी होर्डिंग?
होर्डिंग वापस उतारने के सवाल पर सपा नगर महासचिव ने बताया कि अगर होर्डिंग हमने लगवाई है तो हम क्यों उतारेंगे। मैंने नगर निगम से भी होर्डिंग उतारने के संबंध में जानकारी की,लेकिन निगम अधिकारियों ने भी मना कर दिया। पार्टी कार्यकर्ता ऐसी हरकत नहीं करेंगे। भाजपा के लोगों ने मिलकर ही इस होर्डिंग को उतारा है। पार्टी खेला होई को लेकर शहर से लेकर पूरे प्रदेश में जाएगी।

सपा के पास कुछ नहीं बचा
भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने कहा कि जैसा बंगाल में चुनाव के बाद हत्या,रेप और हिंसा हुई है। यही ये यूपी में कराना चाहते हैं। सपा के पास कुछ नहीं बचा है। उधार में किसी और पार्टी का नारा लेकर आए हैं। भाजपा के पक्ष में पूरा माहौल है। लोगों को सोचना चाहिए कि इनके साथ कौन लोग हैं। विकास की योजनाएं छोड़कर इनके मुद्दे कुछ और हैं। अखिलेश यादव भी कह चुके हैं चुनाव जीतने के बाद लोगों से बदला लेंगे।

Post a Comment

0 Comments