
हापुड़। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा व सपा,रालोद की संयुक्त प्रत्याशी ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र जिलाधिकारी को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में सौंपा। जिलाधिकारी को जांच
में दोनों नामांकन पत्रों में कोई त्रुटि नहीं मिली। कलेक्ट्रेट नामांकन स्थल की ओर आने वाले सभी मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया।
कलेक्ट्रेट में भाजपा जनप्रतिनिधियों को प्रवेश नहीं देने पर भाजपा जिलाध्यक्ष व सदर एसडीएम के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। अधिकारियों ने केवल प्रत्याशी सहित चार लोगों को कलेक्ट्रेट में प्रवेश दिया। अब आगामी तीन जुलाई को मतदान होगा,जिसमें सभी जिला पंचायत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर जिला पंचायत अध्यक्ष को चुनेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव के लिए रविवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी न्यायालय को नामांकन स्थल बनाया गया। जिसे सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया। साथ ही कलेक्ट्रेट को पुलिस छावनी में तब्दील किया गया।
रविवार की सुबह करीब 11.30 बजे वार्ड नंबर पांच से जिला पंचायत सदस्य भाजपा प्रत्याशी रेखा नागर क्षेत्रीय महामंत्री डा.विकास अग्रवाल,सांसद राजेन्द्र अग्रवाल,भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा,पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर,यूपी सफाई कर्मचारी आयोग सदस्य मनोज वाल्मीकि,विधायक विजयपाल आढ़ती,डा.कमल मलिक,नगर पालिका चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत,प्रमोद नागर,प्रमोद जिन्दल,सुयश वशिष्ठ सहित कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट के द्वार पर पहुंची,जहां तैनात पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोककर केवल प्रत्याशी रेखा नागर सहित चार लोगों को कलेक्ट्रेट में प्रवेश दिया।
भाजपा जनप्रतिनिधियों को रोकने का जिलाध्यक्ष उमेश राणा ने विरोध किया। भाजपा प्रत्याशी रेखा नागर ने प्रस्तावकों के साथ नामांकन स्थल पर जिलाधिकारी न्यायालय में डीएम अनुज सिंह को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन स्थल पर सीडीओ उदय सिंह,एडीएम जयनाथ यादव,एएसपी सर्वेश कुमार मिश्र,डिप्टी कलेक्टर पंकज सक्सेना,विशाल यादव,अपर मुख्य अधिकारी प्रणव पांडे आदि भी उपस्थित थे।
दोपहर करीब 12 बजे सपा रालोद गठबंधन प्रत्याशी रुचि यादव सपा के एमएलसी असीम यादव,राकेश यादव,पूर्व मंत्री मदन चौहान,सुधाकर कश्यप,भूषण त्यागी,कार्यवाहक जिलाध्यक्ष तेजपाल प्रमुख,किशन सिंह तोमर,सतपाल
यादव,कुंवर पाल यादव,पुरुषोत्तम वर्मा एडवोकेट के साथ नामांकन करने पहुंची,सपा नेताओं को पुलिस बल ने रोक दिया। केवल प्रत्याशी व उनके प्रस्ताव को कलेक्ट्रेट में प्रवेश दिया। जहां प्रत्याशी रुचि यादव ने जिलाधिकारी अनुज सिंह को नामांकन पत्र सौंपा।
दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैद्य:एडीएम
एडीएम जयनाथ यादव ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा से रुचि यादव व भाजपा से रेखा नागर से नामांकन पत्र दाखिल किया। जांच में दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही मिले है।
आगामी तीन जुलाई को मतदान होगा
जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने पर आगामी 29 जून को नाम वापसी की तिथि है। जिसके उपरांत तीन जुलाई को मतदान होगा। जिसमें सभी 19 जिला पंचायत सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर जिला पंचायत अध्यक्ष को चुनेंगे।
0 Comments