सेना का विमान हुआ क्रैश, 12 लोगों की मौत

सेना का विमान हुआ क्रैश, 12 लोगों की मौत
   न्येप्यीतॉ (डीवीएनए)। म्यांमार में एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत हो गई। 16 लोगों को ले जा रहा विमान मांडले शहर के पास एक पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। शहर के दमकल विभाग ने इसकी जानकारी दी है। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। इस घटना में जमीन पर आठ अन्य लोग घायल भी हुए हैं। इस विमान दुर्घटना में कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हुई है, जो हादसे के वक्त विमान में सवार थे। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में चार लोग बुरी तरह जख्मी भी हुए हैं। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
       राज्य प्रशासन परिषद के सूचना दल के मेजर जनरल जॉ मिन टुन ने कहा कि विमान में 16 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि राजधानी शहर ने पाय ताव से पायिन ऊ ल्विन जा रहा सैन्य विमान स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8 बजे मांडले क्षेत्र के प्यिन ऊ ल्विन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मेजर ने बताया कि अभी तक हताहत हुए लोगों की सटीक संख्या की जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन मांडले के दमकल विभाग ने बताया है कि इस हादसे में 12 लोग मारे गए हैं। घायल लोगों को इलाज के लिए सैन्य अस्पताल में भेजा गया है।

इससे पहले, 2019 में म्यांमार में एक विमान रनवे पर फिसल गया था। इस हादसे में विमान में सवार चार लोग जख्मी हो गए थे। विमान में 33 लोग सवार थे। बॉम्बार्डियर डैश 8 क्यू400 विमान म्यांमार के यांगून अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खतरनाक लैंडिंग से पहले बांग्लादेश के ढाका-सरहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ था। ये हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ था। इस हादसे में विमान का पायलट घायल हो गया था।

Post a Comment

0 Comments