पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन, दूसरी शादी करने का लगा रही थी जुगाड़

राकेश पाण्डेय
लखनऊ।
कौशांबी की लुटेरी दुल्हन शादी कर दूसरे दिन नकदी जेवर लेकर फरार हो जाती है। तीसरी शादी करने से पहले पुलिस ने दबोच लिया। 

कौशांबी की चरवा पुलिस ने एक ढाबे पर देर रात छापेमारी कर लुटेरी दुल्हन और उनके गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से नकदी, जेवर व कीमती कपड़े बरामद किया है। पुलिस अफसरों के मुताबिक अब तक लुटेरी दुल्हन का यह गैंग प्रदेश के कई भोले भाले लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

जानकारी के अनुसार चरवा थाना के महगाव स्थित एक ढाबे पर युवती जैस्मिन उर्फ़ मुस्कान उर्फ़ अंजली, संगीता पत्नी पप्पू और अजय हलवाई काफी देर से किसी व्यक्ति का इंतजार का रहे थे। काफी रात बीतने के बाद भी युवती और उसके साथी ढाबे पर ही समय बिताते रहे। शक के आधार पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस महिला, युवती और युवक को अपने साथ थाने लाई। पूछताछ में सभी घबराये हुए बार बार पुलिस से अपना बयान बदल रहे थे। शक होने पर कड़ाई से तफ्तीश की गई। जिसमे हिरासत में लिए गए युवक, युवती व महिला ने अपना गोरखधंधा पुलिस सामने खोल कर रख दिया। अभियुक्तों ने प्रदेश के कई जिलों में शादी विवाह के नाम पर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। 

उन्होंने बताया कि तीसरी बार शादी कर कौशाम्बी के एक व्यक्ति को ठगने की योजना थी। मूलरूप से गाजीपुर जिले की रहने वाली जैस्मिन उर्फ़ मुस्कान उर्फ़ अंजली को गांव के ही एक युवक से प्यार हो गया। बेहतर जिंदगी के सपने संजोय जैस्मिन घर वालो को सोता छोड़ एक साल पहले प्रेमी के साथ फरार हो गई। कुछ महीनो बाद प्रेमी जैस्मिन को धोखा देकर फरार हो गया। 

इश्क में ठगी जैस्मिन मां बाप के पास वापस पहुंची, लेकिन घरवालों ने उसे अपनाने से इंकार कर दिया। जैस्मिन बेसहारा शहर शहर भटकती रही। इसी दौरान सुमन और अर्जुन नाम के दो शख्स इसके संपर्क में आये और फिर जैस्मिन लुटेरी दुल्हन बन गई।बकौल जैस्मिन ने पुलिस को बताया, कानपुर में तीन महीने पहले एक युवक को प्रेम जाल में फंसा कर शादी की पेशकश की। 

सगाई में मिले जेवरात कपड़े और नगदी को लेकर वह वहां से फरार हो गई। प्रयागराज में दो माह पहले शादी के नाम पर युवक से मोटी रकम वसूल भाग निकली थी। कौशाम्बी में शनिवार एक परिवार से मिलने के लिए वह ढाबे पर इंतजार कर रहे थे कि पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

लुटेरी दुल्हन गैंग में सुमन और अर्जुन सरगना है। ग्राहक की तलाश और उनसे शादी की बात करना वही करते है। फिलहाल दोनों फरार हैं।

एएसपी समर बहादुर ने बताया, शक के आधार पर पूछताछ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। शेष गिरोह के सदस्यों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Post a Comment

0 Comments