दुष्कर्म के आरोपी की जमकर हुयी पिटाई, दहशत से नहीं उबर पा रही है पीड़ित बच्ची

 

बांदा-डीवीएनए। दुष्कर्म पीड़ित बच्ची घटना के बाद दहशत से नहीं उबर पा रही है। डर व तकलीफ के चलते उसे बुखार भी आ गया है। पुलिस ने उसके न्यायालय में 164 के बयान दर्ज कराए हैं।
जसपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मामा की शादी में जाने पर चार वर्ष की बच्ची के साथ पड़ोसी युवक उमेश निषाद ने दुष्कर्म किया था। बबूल की झाड़ियों में ले जाकर घटना करने से बच्ची जख्मी हो गई थी। उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से चिकित्सकों ने रात में उसकी छुट्टी कर दी। हालांकि वह अभी भी डरी हुई है। कुछ देर के लिए उसका ध्यान बंटता है तो वह खेलने लगती है। लेकिन जैसी ही उसे घटना की याद आती है वह फिर से सहम जाती है। पिता ने बताया कि तकलीफ व दर्द के चलते उसे बुखार आ रहा है। डरी हुई बच्ची अभी भी ठीक से कुछ खा पी नहीं रही है। न्यायालय में उसके बयान कराए गए हैं। यहां के बाद वह बच्ची का उपचार कराने किसी निजी अस्पताल में जाएंगे। जिससे वह पूरी तरह स्वस्थ हो सके।
पकड़े जाने पर आरोपित को करनी का हुआ एहसास, रोता रहा
दुष्कर्म आरोपित उमेश निषाद को स्वजन व ग्रामीणों ने पीटकर पुलिस को सौंपा था। पकड़े जाने के बाद थाने में उसे अपनी बुरी करनी का एहसास हुआ तो उसके आंसू बहने लगे। रात में भी थाने में उसकी यही स्थिति रही। जेल जाने को लेकर भी घबराया रहा। पूछने पर आरोपित ने बताया कि उससे बड़ी गलती हुई है। अब वह दोबारा कभी ऐसा नहीं करेगा।
थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर गिरफ्तार आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई उनकी ओर से पूरी की गई है।

Post a Comment

0 Comments