
बरेली। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रियंका गांधी के जरिए अपनी सियासी जमीन को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। यही कारण है कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों लगातार दौरे कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रही हैं। जिससे सभी कार्यकर्ता एक स्वर से आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का दम भर सके। इसके लिए कांग्रेस किसानों के आंदोलन को भी अपना हथियार बनाने की कोशिश में लगी है।
प्रियंका गांधी 23 मार्च को होने वाली किसान पंचायत में शामिल होकर किसानों के बहाने सूबे की भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश करेंगी। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम 23 मार्च को प्रस्तावित है। वह किसान महापंचायत में शामिल होने बरेली पहुंचेंगी।
बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रामपुर दौरे के दौरान ही जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी से बरेली दौरा करने की बात कही थी। उन्होंने वहीं पर उनसे जिले में बेरोजगारी की स्थिति पर चर्चा करने के साथ ही बंद रबर फैक्ट्री के साथ अन्य बंद फैक्ट्रियों और कारखानों पर भी चर्चा करते हुए किसानों की समस्या की भी जानकारी ली थी।
शनिवार को उनके बरेली दौरे की तारीख प्रस्तावित होने के बाद जिलाध्यक्ष ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ आंवला के सिरौली जाकर कार्यक्रम स्थल के लिए जगह भी देखी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि उनके कार्यक्रम का अधिकारिक शेड्यूल रविवार को आने की संभावना है।
0 Comments