
विनोद मिश्रा
बांदा। मकान निर्माण को लेकर सगे भाइयों के बीच जमकर लाठी-डंडे व पत्थर चले। संघर्ष में दोनों पक्ष से चार महिलाओं समेत छह लहूलुहान हो गए। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक पक्ष ने कई गंभीर आरोप भी लगाए।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचनेही निवासी शिवशंकर की 50 वर्षीय पत्नी सुनैना, उसकी बहन 40 वर्षीय शिवकली पत्नी सुशील, भाई 45 वर्षीय सुरेश का दोपहर बड़े भाई 55 वर्षीय दयाराम, उसकी 48 वर्षीय पत्नी गीता व 22 वर्षीय बेटी संतोष कुमारी से विवाद हो गया। दोनों पक्ष से हुई मारपीट में सभी लोग घायल हो गए। घायल सुनैना ने बताया कि छोटा भाई कालका अपना मकान बनवा रहा है। इसमें दयाराम निर्माण कार्य करने का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर दयाराम , उसके पुत्र कुलदीप, मनीष समेत पांच लोगों ने उनके ऊपर लाठियों व पत्थरों से हमला किया है।
हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उधर दूसरे पक्ष से घायल दयाराम ने बताया कि मकान निर्माण होने से उसका कोई लेना देना नहीं है। उसकी बेटी संतोष कुमारी को हमलावर सुरेश व उसके घर के लोग खीचकर अपने मकान के अंदर ले जा रहे थे। उन्होंने गाली-गलौज कर अभद्रता की है। विरोध करने पर सुरेश समेत पांच लोगों ने उनके ऊपर लाठियों से हमला किया है। हमलावरों ने पत्थर भी बरसाए हैं। कोतवाली निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि घायल दोनों पक्ष के लोगों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments