पेड़ से लटकता मिला दो सहेलियों का शव, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार की शाम दो किशोरों के शव एक पेड़ से लटके पाए गए। मामला रामगांव थाना क्षेत्र के धर्मनपुर गांव का है। ग्रामीणों को हत्या के बाद शवों को पेड़ से लटकाने की आशंका है। मृतक लड़कियां आपस में दोस्त थीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट का इंतजार है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि लक्ष्मी (17 वर्ष) और प्रेमा (15 वर्ष) धर्मनपुर गांव की निवासी थीं। रविवार शाम दोनों एक साथ अपने घरों से निकले थे। लेकिन लगभग आधे घंटे के बाद दोनों के शव गांव के बाहर एक गूलर के पेड़ से लटके पाए गए। राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार, महासी सीओ शंकर प्रसाद इलकाई पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों किशोरों के शव पेड़ से उतार लिए गए। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पीड़िता के परिवार वालों से पूछताछ की है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। लेकिन मृतक परिवारों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।

धर्मनपुर गाँव की आज की घटना 6 साल पहले 2014 में सपा सरकार में हुए बदायूं कांड की याद दिलाती है। यहां के सआदतगंज के कटरा गांव में दो दलित लड़कियों के शव एक पेड़ से लटके पाए गए। परिवार ने गैंगरेप के बाद हत्या करने और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शवों को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया था। मामले की जांच सीबीआई ने की है। इस मामले में, बलात्कार और हत्या के आरोप में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गाँव के तीन लड़कों के साथ दो पुलिसवाले भी थे।

Post a Comment

0 Comments